Nawada: बिहार के नवादा में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। कादिरगंज थाना क्षेत्र के देवनपुरा गांव में छठी कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में तीन सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान देवनपुरा गांव निवासी भोला मांझी के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
छठी कार्यक्रम में डीजे को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि देवनपुरा गांव निवासी प्रदीप मांझी के घर बेटी के जन्म के बाद छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में खान-पान के साथ नाच-गाने की भी व्यवस्था थी। इसी दौरान कुछ युवक डीजे पर नाच रहे थे। परिजनों की ओर से पहले खाना खाने और इसके बाद कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने संदीप कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। संदीप को बचाने पहुंचे उसके दो सगे भाइयों पर भी हमला किया गया।
तीनों भाइयों को अस्पताल ले जाया गया
हमले में संदीप कुमार समेत तीनों भाई घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल नवादा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। संदीप की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं उसके दो भाई सूरज कुमार और प्रदीप मांझी घायल हैं और उनका इलाज नवादा सदर अस्पताल में चल रहा है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना के बाद परिवार में मचा कोहराम
संदीप कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद गांव में भी सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




