जितिया विसर्जन के दौरान तालाब में डूबा 13 वर्षीय किशोर, मां के सामने हुआ हादसा

Palamu News: छतरपुर के खाटीन गांव में जितिया विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जितिया विसर्जन के दौरान तालाब में डूबा 13 वर्षीय किशोर
Advertisement

Palamu: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में जितिया पर्व के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खाटीन गांव के गुलहरिया तालाब-आहार में नहाने और जितिया विसर्जन के दौरान 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब किशोर अपनी मां के साथ तालाब पहुंचा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और गांव में भी शोक का माहौल है। मृतक की पहचान खाटीन गांव निवासी उपेंद्र गुप्ता के 13 वर्षीय बेटे राकेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 6 बजे राकेश अपनी मां के साथ गुलहरिया तालाब गया था। जितिया पर्व को लेकर तालाब में काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

Also Read: खूनी विवाद से सनसनी, चाकूबाजी में तीन युवकों की मौत; अस्पताल में भी मचा हड़कंप

नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया राकेश

जानकारी के अनुसार, राकेश अपनी मां और अन्य लोगों के साथ तालाब में नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और पानी में डूब गया। हादसा उसकी मां की मौजूदगी में हुआ, लेकिन उस समय भीड़ और अफरा-तफरी के बीच तत्काल इसका पता नहीं चल सका। नहाने के बाद राकेश की मां मंदिर जाने के लिए आगे बढ़ीं। इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि बेटा उनके साथ नहीं है। इसके बाद परिवार के लोगों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर की खोजबीन के बाद राकेश को तालाब के गहरे पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जितिया पर्व की खुशियां मातम में बदलीं

जितिया पर्व संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए मनाया जाता है। ऐसे में पर्व के दौरान ही परिवार के बड़े बेटे की मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। राकेश अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। घटना की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राकेश के पिता उपेंद्र गुप्ता पहले पारा शिक्षक के तौर पर काम कर चुके हैं। पारा शिक्षक पद से हटने के बाद वह निजी स्कूल का संचालन कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गुलहरिया तालाब और अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी तालाब में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ के बीच निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *