Hazaribagh : आईसेक्ट विश्वविद्यालय, हजारीबाग का 10वां स्थापना दिवस झील रोड स्थित ओपन थिएटर परिसर में धूमधाम से मनाया गया। बता दें कि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पीके नायक, कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद, प्रतिकुलपति डॉ गौरव शुक्ला, डीन एडमिन डॉ एसआर रथ, वोकेशनल निदेशक डॉ बिनोद कुमार व आईसेक्ट इंटर कॉलेज की प्राचार्या ममता शर्मा के हाथों दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। स्वाति एंड ग्रूप की ओर से पेश की गई गणेश वंदना की मधुर आवाज़ ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। पम्मी एंड ग्रूप के नागपुरी गीत की प्रस्तुति ने जहां एक ओर झारखंड की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया, वहीं निकिता, शालिनी, यशोदा, दिव्या, दिव्यांशु, अकांक्षा, ज्योति, राखी व प्रिया के सोलो डांस, पल्लवी एंड ग्रूप, अनन्या एंड ग्रूप, वाशु एंड ग्रूप व गीतांजलि एंड ग्रूप के ग्रूप डांस के अलावा विद्यार्थियों की ओर से पेश किये गये गज़ल, कव्वाली, स्पेनिश व साउथ इंडियन ग्रुप डांस ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सुमित की स्टैंडअप कॉमेडी ने भी खूब तालियां बटोरी।

Also Read : आईसेक्ट विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में
इससे पूर्व स्वागत भाषण देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और कहा कि विश्वविद्यालय अपने शुरुआती दिनों से ही विद्यार्थियों के समावेशी विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य को हकीकत में तब्दीली की उम्मीद लिए विश्वविद्यालय अपने कर्त्तव्य पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि 16 मई 2016 को सीमित संसाधनों के साथ आरंभ हुआ यह विश्वविद्यालय आज झारखंड की शिक्षा प्रणाली में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। विश्वविद्यालय की ओर से गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान किये जाने के साथ साथ समय समय पर कैरियर काउंसलिंग, विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट सेल जैसी सुविधाओं ने विद्यार्थियों के भविष्य की राह को भी आसान किया है।
वहीं कुलपति प्रो पीके नायक ने कहा कि आईसेक्ट विश्वविद्यालय ना केवल सूदूरवर्ती क्षेत्रों में शिक्षा का अलख जगा रहा है बल्कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की राह भी तय कर रहा है! उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने इन 10 वर्षों के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल किया है। यहां के विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ साथ, खेलकूद और युथ फेस्टिवल जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भी अपना परचम लहराया है! प्रतिकुलपति डॉ गौरव शुक्ला ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में विश्वविद्यालय ने जिन उपलब्धियों को हासिल किया है, वह तो महत्वपूर्ण है पर अभी बहुत आगे तक जाना है। आईसेक्ट विश्वविद्यालय को भारत का नंबर वन विश्वविद्यालय बनाना है और इसमें विश्वविद्यालय से जुड़े सभी लोगों का योगदान महत्वपूर्ण होगा। डीन एडमिन डॉ एसआर रथ ने इस दरमियान आईसेक्ट विश्वविद्यालय के वर्ष 2024 का प्रोग्रेस रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि इस एक वर्ष में 50 से अधिक संस्थानों के साथ विश्वविद्यालय का एमओयू हुआ है। साथ ही विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गए पांच गांवों में से हुटपा गांव में विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग की ओर से स्वास्थ्य कैंप लगाए गए और लोगों को उचित परामर्श और नि: शुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। उन्होंने बताया कि व्यवसायिक कोर्सों में अध्ययनरत 80 फीसदी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय प्लेसमेंट विभाग की ओर से अलग अलग कंपनियों में नौकरियां मिली, जो किसी भी विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मंच संचालन प्राध्यापिका कुमारी सीमा व धन्यवाद ज्ञापन प्राध्यापिका सबा प्रवीण ने किया।



