Kolkata : पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र रायगंज में सोमवार रात आसमान में दिखाई दी रहस्यमयी चमकती रोशनियों ने स्थानीय लोगों में दहशत और जिज्ञासा दोनों उत्पन्न कर दी। ये टिमटिमाती रोशनियां लगभग रात 7:30 से 8:00 बजे के बीच विभिन्न इलाकों में देखी गईं।
Also Read : कारोबारी परिवार ने की सामूहिक आत्महत्या, सात लोगों की दर्दनाक मौत
चश्मदीदों के अनुसार, आसमान में दो चमकदार बिंदु लगातार उड़ते दिखाई दिए। कुछ लोगों ने इसे ड्रोन समझा, जबकि अन्य ने सैटेलाइट होने की संभावना जताई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए।
रायगंज थाने के टाउन अधिकारी मृत्युंजय विश्वास ने भी इन रोशनियों को देखने की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “मैंने स्वयं दो चमकदार वस्तुएं देखीं, लेकिन उनकी ऊंचाई और गति को देखकर नहीं लगता कि वे ड्रोन थे। यह सैटेलाइट हो सकते हैं।”
इस बीच रायगंज की पुलिस अधीक्षक सना अख्तर ने स्पष्ट किया कि ये रोशनियां ड्रोन नहीं थीं। हालांकि, उनका स्रोत और उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, इसी प्रकार की रहस्यमयी रोशनियां दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट इलाके में भी देखी गई थीं, लेकिन वहां की जिला पुलिस ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधियां सामने आई हैं। साथ ही कुछ दिनों पहले कोलकाता के ऊपर भी एक साथ सात ड्रोन देखे गए थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ गई थी।
रायगंज में दिखाई दी इन रहस्यमयी रोशनियों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

