Ranchi : रांची स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL) में 2025 बैच के अंतिम वर्ष के छात्रों को एक यादगार विदाई दी गई। ‘अलविदा’ नामक इस विदाई समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक क्लब द्वारा किया गया, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और प्रशासकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जहां विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक आर. पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
Also Read : जया मुंडा बनीं नेताजी एकेडमी की टॉपर, 93.2% अंकों के साथ रचा कीर्तिमान
अपने उद्बोधन में कुलपति ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आपका यह सफर अब एक नए मोड़ पर है, लेकिन NUSRL का यह परिवार हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा। कानून की पढ़ाई सिर्फ ज्ञान नहीं, जिम्मेदारी की ओर पहला कदम है।” उनके शब्दों ने छात्रों की आंखों में आंसू और दिलों में गर्व भर दिया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, संगीत और हास्य-नाट्य ने माहौल को जीवंत बना दिया। सीनियर छात्रों के लिए खासतौर पर उपाधियों का भी आयोजन किया गया। इस वर्ष ‘मिस NUSRL’ का खिताब इप्शिता सिन्हा को मिला जबकि ‘मिस्टर NUSRL’ का सम्मान अमन सिंह को प्रदान किया गया। इसके अलावा, प्रियांशु और प्रियांजली को मिस्टर एवं मिस फेयरवेल के रूप में चुना गया।
छात्र हिमांशु पाठक ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “NUSRL सिर्फ एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहां बिताए गए साल और दोस्त हमेशा मेरे जीवन का हिस्सा रहेंगे।” उनके भावुक शब्दों ने समारोह में उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं।
यह विदाई समारोह केवल औपचारिकता नहीं बल्कि यादों और भावनाओं का संगम था। जैसे-जैसे रात ढली, विदाई की इस शाम ने सभी के दिलों में एक अमिट छाप छोड़ दी। एक ओर जहां छात्रों के चेहरों पर मुस्कान थी, वहीं आंखों में विदाई की नमी भी साफ झलक रही थी।



