Ranchi : खनन सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले श्री अविजित घोष को आरकेडीएफ विश्वविद्यालय रांची की शैक्षणिक परिषद का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिसर में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
Also Read : झारखंड के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, येलो चेतावनी जारी
कार्यक्रम में आरकेडीएफ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एस. चटर्जी और रजिस्ट्रार डॉ. अमित पांडे ने श्री घोष को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें हाल ही में प्राप्त लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के अवसर पर दिया गया, जिसे पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार ने उन्हें खनन सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवा के लिए प्रदान किया है।
अविजित घोष वर्तमान में मंत्रालय में विशेषज्ञ मूल्यांकन सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड में खनन निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 2024 में आयोजित 42वें वार्षिक धातु विज्ञान सुरक्षा सप्ताह के दौरान नई दिल्ली में उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाज़ा गया।
आरकेडीएफ विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें शैक्षणिक परिषद में शामिल करना उनके प्रशासनिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और शैक्षणिक सोच को लेकर विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। परिषद में उनका जुड़ाव विश्वविद्यालय की शैक्षणिक नीतियों, शोध कार्यों और सुरक्षा शिक्षा को मजबूती देगा।
सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री घोष ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “मुझे अत्यंत गर्व है कि विश्वविद्यालय ने मुझे इस ज़िम्मेदारी के योग्य समझा। मैं अपने अनुभव से विश्वविद्यालय को हर संभव योगदान देने का प्रयास करूंगा।”
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण, शोधार्थी और छात्र उपस्थित रहे। सभी ने श्री घोष को उनके अनुभव और समर्पण के लिए बधाई दी और कहा कि उनका मार्गदर्शन भविष्य के विद्यार्थियों और अनुसंधान को नई दिशा देगा।



