Ranchi : रांची नगर निगम एक बार फिर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक्शन मोड में नजर आया। मंगलवार सुबह स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई में जुटी। अभियान का उद्देश्य था—शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त कराना।
गंगा का कहर, खतरे के निशान से ऊपर जलस्तर
सुबह से ही इलाके को घेर लिया गया और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच नालियों पर बनी गुमटियां, फुटपाथ की अस्थायी दुकानें, ठेले-खोमचे, और सड़क किनारे के अवैध ढांचे हटाने के लिए बुलडोजर का प्रयोग किया गया।
कार्रवाई से पहले निगम के अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी थी, लेकिन निर्धारित समयसीमा में अतिक्रमण न हटाने पर सीधी कार्रवाई की गई। कई दुकानों से सामान जब्त किया गया और मौके पर मौजूद लोगों को निगम की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि अब किसी तरह की अवैध कब्जेदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम की यह कार्रवाई सिर्फ स्टेशन रोड तक सीमित नहीं रही है। इससे पहले भी कांटा टोली, मेन रोड, बरियातू, अल्बर्ट एक्का चौक, हटिया, लालपुर और रातू रोड जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने के लिए मुहिम चलाई जा चुकी है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान नियमित अंतराल पर जारी रहेगा, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुधरे और पैदल यात्रियों को भी चलने में परेशानी न हो।
स्थानीय नागरिकों ने भी निगम की इस कार्रवाई का समर्थन किया है और उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में शहर का चेहरा और बेहतर होगा।
यह अभियान न सिर्फ शहर को व्यवस्थित करने की दिशा में एक अहम कदम है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि प्रशासन अब अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने को तैयार है।

