Ranchi : रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइकेट्री एंड एलाइड साइंसेज (रिनपास) अपने स्थापना के 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस अवसर पर आगामी 4 सितंबर को कांके स्थित रिनपास परिसर में शताब्दी समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में देश-विदेश से मानसिक स्वास्थ्य और मनोचिकित्सा के क्षेत्र के प्रमुख विशेषज्ञ और डॉक्टर शामिल होंगे।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
डॉ. अंसारी ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस समारोह के दौरान मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और मरीजों के हित में नई पहलों की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रिनपास का शताब्दी वर्ष केवल संस्थान की उपलब्धि नहीं, बल्कि झारखंड और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। मंत्री ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से इस आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि रिनपास की स्थापना लगभग एक सदी पहले हुई थी और यह आज देश के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।



