Ranchi : झारखंड उच्च न्यायालय की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 15 नवंबर को सिल्वर जुबिली समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्य समारोह उच्च न्यायालय परिसर में सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे ज्यूडिशियल एकेडमी में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के भावी चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति सूर्यकांत होंगे। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के अन्य न्यायाधीश तथा देश के 10 राज्यों के उच्च न्यायालयों के चीफ जस्टिस भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। सभी अतिथियों ने अपनी उपस्थिति की स्वीकृति दे दी है। उधर, समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उच्च न्यायालय भवन और पूरा परिसर आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
झारखंड हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने बताया कि तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं।
गौरतलब है कि झारखंड उच्च न्यायालय 165 एकड़ में फैला हुआ परिसर है, जो सुप्रीम कोर्ट परिसर से भी कई गुना बड़ा है। 550 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक भवन 30 हजार वर्गफीट की विशाल लाइब्रेरी और 500 सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित है। परिसर में 25 वातानुकूलित और आधुनिक कोर्ट रूम बनाए गए हैं।

