Ranchi : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि राज्य में 30 नवंबर तक बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद जैसे ही आसमान साफ होना शुरू होगा, तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम में इस बदलाव से प्रदेश में कनकनी बढ़ने की पूरी उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल सुबह और रात के समय हल्का से मध्यम कुहासा छाया रहेगा। दिन में आंशिक बादल बने रहने से ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। बादल छाने के कारण इन दिनों अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई है, वहीं न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई है।
राजधानी रांची और उसके आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहे। दिन के समय भी लोगों को ठंड का एहसास हुआ, जबकि रात में बादलों की वजह से ठंड थोड़ी कम महसूस होगी। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि जैसे ही बादल हटेंगे, रात के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी और शीतलहर भी बढ़ सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में चाईबासा सबसे अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान गिरकर 10.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रांची का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 12.6 डिग्री दर्ज किया गया।
डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 11.6 डिग्री रहा। बोकारो में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री और न्यूनतम 13.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम 29.8 डिग्री और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के विशेषज्ञ बताते हैं कि बीते दिनों उत्तरी भारत की ओर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण झारखंड के कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई थी। लेकिन अब बादल छाने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। हालांकि जैसे ही बादल हटेंगे, मौसम फिर से कड़ाके की ठंड की ओर बढ़ेगा।



