New Delhi : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप ‘1XBET’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में अब तक की सबसे चौंकाने वाली जानकारी उजागर की है। जांच के दौरान पता चला कि दिल्ली में बाइक टैक्सी चलाकर जीवनयापन करने वाले एक साधारण ड्राइवर के खाते में सिर्फ आठ महीनों (19 अगस्त 2024 – 16 अप्रैल 2025) में 331.36 करोड़ रुपये जमा कराए गए।
ईडी की टीम जब उसके घर पहुंची, तो अधिकारी हैरान रह गए—वह ड्राइवर राजधानी के गरीब इलाके में एक टूटी-फूटी दो कमरे की झुग्गी में रहता था। न महंगी गाड़ी, न फर्नीचर, न कोई लग्जरी सामान। पूछताछ में वह बार-बार यही कहता रहा— “साहब, मुझे कुछ नहीं पता… मैं सुबह से रात तक सिर्फ बाइक चलाता हूं।” इससे साफ हो गया कि यह एक म्यूल अकाउंट है, जिसका इस्तेमाल काले धन को घूमाने और सफेद करने के लिए किया गया।
शाही ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ का कनेक्शन
जांच में सामने आया कि इस खाते से 1 करोड़ रुपये से अधिक राजस्थान के उदयपुर स्थित एक फाइव-स्टार होटल में हुई एक भव्य शाही शादी पर खर्च किए गए। शादी में बॉलीवुड सिंगर्स, विदेशी डांस ग्रुप और हेलीकॉप्टर से फूल बरसाने तक की व्यवस्था की गई थी।
ईडी सूत्रों का दावा है कि यह शादी गुजरात के एक प्रभावशाली युवा राजनीतिक नेता के परिवार की है और जल्द ही उसे समन भेजा जा सकता है। खाते में आने वाला पैसा कई अज्ञात स्रोतों से कुछ घंटों में अन्य संदिग्ध खातों में ट्रांसफर हो जाता था। इनमें से एक प्रमुख स्रोत ‘1XBET’ जैसे अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ा पाया गया।
इसके अलावा कुछ राशि दुबई और सिंगापुर के खातों में भी भेजी गई।
बड़ा नेटवर्क, बड़े नाम जांच के घेरे में
‘1XBET’ केस में ईडी पहले ही पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन, सुरेश रैना, श्रेयस अय्यर सहित कई हस्तियों की 200 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच कर चुकी है। कई बॉलीवुड कलाकार भी पूछताछ के दायरे में हैं।
म्यूल अकाउंट क्या होता है?
साइबर अपराधी गरीब, बेरोजगार या जरूरतमंद लोगों को 10–20 हजार रुपये देकर उनका आधार-पैन लेकर बैंक खाते खुलवाते हैं। बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन के लिए किया जाता है। खाता धारक को अक्सर कोई जानकारी नहीं होती या वह जानबूझकर अनजान बना रहता है।
ईडी अब इस पूरे नेटवर्क—उदयपुर के होटल मालिक से लेकर गुजरात के नेता तक—सभी से पूछताछ करेगी। एजेंसी का दावा है कि आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



