New Delhi : देश के कई हिस्सों में शीतलहर का असर तेज हो गया है। करीब 10 राज्यों में ठंड ने लोगों को कंपकंपा दिया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे और तेज बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
उत्तर-पूर्वी राज्यों में अगले 24 घंटे तक घना कोहरा बने रहने की संभावना है। वहीं, 9 और 10 दिसंबर को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
कश्मीर घाटी में ठंड चरम पर पहुंच रही है। कई इलाकों में तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 9 से 12 दिसंबर के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा भी देखने को मिलेगा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ठंड तेजी से बढ़ रही है। न्यूनतम तापमान के 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में ठंड का प्रभाव देखा गया।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं, पंजाब और हरियाणा के फरीदकोट और गुरदासपुर में सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

