Ranchi : राजधानी रांची को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने स्पष्ट किया है कि शहर की सभी प्रमुख सड़कों और व्यस्त चौराहों पर अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई तेज की जाएगी। जहां-जहां पहले अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अवैध निर्माण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासक ने यह जानकारी शुक्रवार को इन्फोर्समेंट शाखा की समीक्षा बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पहले से तैयार कार्ययोजना के तहत प्रतिदिन अभियान चलाएंगे। किसी भी सूरत में हटाए गए स्थानों पर दोबारा अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भवन संचालकों को निर्देश दिया कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े कराए जाएं। किसी भी सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से दुकान, ठेला या अन्य गतिविधियां संचालित नहीं होनी चाहिए।
🚧 चौक-चौराहों के घुमाव पथ होंगे अतिक्रमण मुक्त
नगर निगम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और घुमावदार सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने का भी फैसला लिया है। प्रशासक ने बताया कि इन स्थानों पर अवैध कब्जे के कारण यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है।
इसके अलावा सड़क पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने और जरूरत पड़ने पर ट्रेड लाइसेंस रद्द करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बैठक में उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक और इन्फोर्समेंट टीम के अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम का कहना है कि यह अभियान शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और नागरिकों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

