बालिकाओं ने आत्मविश्वास और प्रतिभा का किया प्रभावशाली प्रदर्शन
Patratu : पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड ( Patratu Vidyut Utpadan Nigam Limited / PVUNL ) के तत्वावधान में गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन (GEM) के तहत आयोजित एक सप्ताहीय विंटर वर्कशॉप का समापन समारोह शुक्रवार, 3 जनवरी को पीवीयूएनएल टाउनशिप में उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बालिकाओं ने एक सप्ताह के दौरान सीखी गई विभिन्न कौशलों को साझा किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी A. K. Sehgal एवं स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्ष Renu Sehgal द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पीवीयूएनएल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी, लेडीज़ क्लब की सदस्याएं, बालिकाओं के माता-पिता एवं परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आत्मरक्षा से विज्ञान तक, प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने आत्मरक्षा तकनीकों, विज्ञान प्रयोगों और रचनात्मक गतिविधियों का सजीव प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थितजनों ने खूब सराहा। बालिकाओं के आत्मविश्वास और मंच पर उनके प्रदर्शन ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
अपने संबोधन में सीईओ ए. के. सहगल ने बालिकाओं को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों से भी अपनी बेटियों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

वहीं, रेणु सहगल ने बालिकाओं की प्रगति को रेखांकित करते हुए एक सप्ताह की कार्यशाला के दौरान प्राप्त प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हैं।
बालिका सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम
यह समापन समारोह बालिका सशक्तिकरण की दिशा में पीवीयूएनएल की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रहा। गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास और आत्मविश्वास से जोड़ने का यह प्रयास भविष्य में भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।



