Ranchi : स्वीडन-इंडिया बिजनेस काउंसिल के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस बैठक में झारखंड और स्वीडन के बीच व्यापार, उद्योग और निवेश सहयोग को और मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्वीडन-इंडिया बिजनेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेज़ेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष सह विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
बैठक के दौरान सेसिलिया ओल्डने ने झारखंड के साथ व्यापारिक साझेदारी को बढ़ाने में स्वीडन-इंडिया बिजनेस काउंसिल की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 50 से अधिक स्वीडिश कंपनियां भारत के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं और झारखंड इंफ्रास्ट्रक्चर, अर्बन मोबिलिटी, मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में एक महत्वपूर्ण निवेश गंतव्य बन सकता है।
बैठक में दावोस में हुई चर्चाओं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिछले वर्ष स्वीडन दौरे के दौरान वोल्वो सहित अन्य स्वीडिश कंपनियों के साथ हुई बातचीत की भी समीक्षा की गई। इन प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए आगामी अप्रैल माह में एक विशेष राउंडटेबल बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी। इस बैठक में शहरी परिवहन, अर्बन मोबिलिटी फाइनेंसिंग मॉडल, टिकाऊ परिवहन व्यवस्था और आधुनिक तकनीकों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार शिक्षा को सुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार हर वर्ष लाखों सरकारी स्कूलों के छात्रों को साइकिलें उपलब्ध कराती है, जिससे दूरदराज़ क्षेत्रों के बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने स्वीडन-इंडिया बिजनेस काउंसिल से झारखंड में साइकिल उपयोग को और प्रभावी बनाने तथा स्कूली बच्चों के लिए ई-साइकिल की संभावनाओं पर एक विस्तृत फीज़िबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षा में नवाचार के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने झारखंड और स्वीडन के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।



