रांची/दावोस। स्विट्जरलैंड के दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और इंफोसिस ग्लोबल, कैलिफ़ोर्निया के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास के बीच अहम मुलाकात हुई। बैठक में झारखंड के दीर्घकालिक विकास विज़न और तकनीक आधारित विकास को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इंफोसिस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विकासपरक सोच और राज्य में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने वाली पहलों की सराहना की। खास तौर पर युवाओं के री-स्किलिंग, टेक्नोलॉजी टॉवर की अवधारणा और खनन क्षेत्र में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को राज्य के लिए दूरदर्शी कदम बताया गया।
बैठक में झारखंड के युवाओं को डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े आधुनिक कौशल प्रदान करने पर सहमति बनी। इस दिशा में इंफोसिस के विंग्सपैन प्लेटफॉर्म की भूमिका पर आगे विस्तार से चर्चा करने का प्रस्ताव रखा गया।
इसके अलावा, खनन क्षेत्र में सुरक्षा, उत्पादकता और दक्षता बढ़ाने के लिए इंफोसिस के एआई आधारित डिजिटल समाधानों को लागू करने पर भी सहमति बनी। इस विषय पर फरवरी महीने में एक वर्चुअल सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार और इंफोसिस के तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे।
इंफोसिस ग्लोबल की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इंफोसिस हाउस भ्रमण का निमंत्रण भी दिया गया, जहां अत्याधुनिक एआई आधारित नवाचारों और डिजिटल समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा।
यह बैठक झारखंड में डिजिटल परिवर्तन, कौशल विकास और तकनीक आधारित औद्योगिक प्रगति को नई गति देने वाली मानी जा रही है। दावोस में मुख्यमंत्री की लगातार हो रही तकनीकी बैठकों से युवा झारखंड के लिए मजबूत विकास दिशा तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।



