Chaibasa : झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) संगठन के नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में कई माओवादियों के मारे जाने की सूचना है। घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के वरीय अधिकारियों को सारंडा के जंगली इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर कोबरा, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बताया जा रहा है कि जब सुरक्षाबल नक्सलियों के करीब पहुंचे, तो खुद को घिरता देख नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। मुठभेड़ काफी देर तक चली।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों का दबाव बढ़ता देख कुछ नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। फिलहाल इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र को खंगाल रही हैं।
सारंडा-कोल्हान में सक्रिय बताए जा रहे बड़े नक्सली
बताया जाता है कि सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में कई बड़े नक्सली सक्रिय हैं, जिनमें मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल सहित कई नाम शामिल बताए जा रहे हैं। सुरक्षा बलों की ओर से लगातार अभियान चलाकर नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की कार्रवाई जारी है।


