Ranchi : तमिलनाडु के कन्याकुमारी में आयोजित तीसरे नेशनल वाकोट्रूयेन ट्रेनिंग कैंप में झारखंड के चार खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल मास्टर्स से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण शिविर 31 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से चयनित खिलाड़ी शामिल हुए।
इस राष्ट्रीय स्तर के ट्रेनिंग कैंप में झारखंड के विनीत कुमार यादव, सचिन कुमार, रवि उरांव और अमन कुमार सिंह ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों को इंटरनेशनल मास्टर मिस्टर वान कैन नुएन, मास्टर दंग वान बुई और मास्टर होई बाओ ली द्वारा आधुनिक फाइट तकनीकों की बारीक ट्रेनिंग दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को फाइटिंग टेक्निक के साथ-साथ लाठी, तलवार और काता का भी विशेष अभ्यास कराया गया। यह ट्रेनिंग आगामी नेशनल चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए दी गई, जो कन्याकुमारी में ही आयोजित होने वाली है। इस प्रतियोगिता में ये सभी खिलाड़ी झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर झारखंड वाकोट्रूयेन एसोसिएशन के अध्यक्ष रामस्वरूप कुमार एवं संघ के अन्य सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि झारखंड के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है।
संघ के अध्यक्ष ने यह भी बताया कि झारखंड लौटने पर सभी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा, ताकि उनका मनोबल और अधिक मजबूत हो और वे आने वाली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य व देश का नाम रोशन कर सकें।

