Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड एक पिछड़ा राज्य है और इसके समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार को बड़े भाई की भूमिका निभानी चाहिए। बजट सत्र के दौरान उन्होंने राज्य के विकास में केंद्र की सक्रिय भागीदारी और विशेष आर्थिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
सोरेन बुधवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, आदिवासी छात्रावासों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था सुधारने और डिजिटल हेल्थ मिशन के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी और वंचित वर्ग के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और बेघरों के लिए अबुआ आवास योजना जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।


