Ranchi : राज्य में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से पहली बार झारखंड कृषि व्यापार मेला-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय मेला 16 से 18 जून तक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा। मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीख ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
तैयारियों की समीक्षा के लिए हुई उच्चस्तरीय बैठक
मेले की तैयारियों की समीक्षा को लेकर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कृषि सचिव और विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले प्रत्येक किसान तक नई कृषि तकनीकों, नवाचारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे तथा उन्हें इनका लाभ मिले।
किसानों को मिलेगा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
कृषि मंत्री ने बताया कि मेले में देशभर से 50 से अधिक कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ भाग लेंगे। किसानों के लिए विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जहां वे सीधे विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
मेले की एक विशेषता यह भी होगी कि यह केवल खेती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि उद्यमियों और व्यापारियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। यहां अत्याधुनिक कृषि उपकरणों, नई तकनीकों और अन्य राज्यों में सफल कृषि मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे झारखंड के किसान नई पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
प्रतिदिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले को आम जनता से जोड़ने के लिए प्रतिदिन शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोग झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और कला का आनंद ले सकेंगे।
यह मेला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, शोध और नवाचारों से परिचित कराने के साथ-साथ राज्य के कृषि विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


