Ranchi : झारखंड सरकार की ओर से 16 से 18 जून तक राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में तीन दिवसीय झारखंड कृषि व्यापार मेला आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्देश्य किसानों, कृषि उद्यमियों, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और सरकारी विभागों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों के प्रसार और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा दिया जा सके।
कृषि विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मेले का उद्घाटन 16 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके अलावा प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता एवं लाभ वितरित किए जाएंगे।
17 जून को होंगे तकनीकी सत्र और किसान संवाद
मेले के दूसरे दिन 17 जून को विभागीय तकनीकी सत्र, किसान संवाद कार्यक्रम और प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों, कृषि से संबंधित सरकारी योजनाओं तथा उत्पादन बढ़ाने के नए तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
18 जून को स्टार्टअप्स प्रस्तुत करेंगे नवाचार आधारित मॉडल
मेले के अंतिम दिन 18 जून को किसान संवाद, कृषि स्टार्टअप्स की प्रस्तुतियां और समापन समारोह आयोजित होगा। इस दौरान नवाचार आधारित कृषि मॉडल, कृषि उद्यमिता के अवसर और तकनीकी समाधान किसानों एवं युवाओं के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
कई विभागों और कंपनियों की होगी भागीदारी
कृषि व्यापार मेले में कृषि, पशुपालन, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, बागवानी और सहकारिता विभागों के अलावा देशभर की कृषि प्रौद्योगिकी कंपनियां, कृषि यंत्र निर्माता और विभिन्न स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे। इससे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत तकनीकों और कृषि व्यवसाय से जुड़ी संभावनाओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
आकर्षण का केंद्र होंगे प्रदर्शनी हॉल और लाइव डेमो
आयोजन स्थल पर प्रदर्शनी हॉल, सांस्कृतिक हॉल, तकनीकी सत्र क्षेत्र, फूड कोर्ट, सेल्फी प्वाइंट तथा कृषि यंत्रों के लाइव प्रदर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। किसानों को नई तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव कराने के लिए विभिन्न आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कृषि विभाग का मानना है कि यह मेला किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने, कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा राज्य में टिकाऊ और लाभकारी कृषि व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विभाग ने किसानों, कृषि उद्यमियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों से बड़ी संख्या में मेले में भाग लेने की अपील की है, ताकि वे आधुनिक कृषि के नए अवसरों और तकनीकी नवाचारों का लाभ उठा सकें।


