पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुमारबाग थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। इस दर्दनाक घटना में तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि महिला किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही।
पत्नी से हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव निवासी रामबाबू यादव का सोमवार रात अपनी पत्नी ललिता देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के करीब तीन बजे रामबाबू पत्नी और तीनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर से निकला। उसने पत्नी से कहा कि वह उसे उसके मायके, मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव छोड़ने जा रहा है।
रास्ते में नहर में धक्का देने का आरोप
आरोप है कि लोहियारिया चौक से आगे छवरहिया गांव के पास बरोहिया नहर के निकट पहुंचने पर रामबाबू ने पहले अपनी पत्नी को नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद उसने एक-एक कर तीनों मासूम बच्चों को भी बहते पानी में फेंक दिया।
ललिता देवी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आईं और अपने मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
तीनों बच्चों के शव बरामद
मंगलवार सुबह नहर में एक बच्ची का शव मिलने पर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाद में उसी नहर से दो अन्य बच्चों के शव भी बरामद किए गए। दो शव ग्रामीणों की मदद से निकाले गए, जबकि एक शव पुलिस ने बरामद किया।
बाद में तीनों मृत बच्चों की पहचान रामबाबू यादव के बेटे और बेटियों के रूप में हुई।
आरोपी को हिरासत में लिया गया
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आरोपी रामबाबू यादव को उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
गांव में मातम, लोगों में आक्रोश
एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, आरोपी पिता पर लगे आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



