Ranchi : रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के समीप देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुखद घटना पर दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में कहा कि लारी-बरलौंग के पास हुए सड़क हादसे में सात लोगों के निधन की सूचना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मरांग बुरु से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मृतकों के परिजनों को नियमानुसार हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास देर रात हुए इस भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज रांची स्थित रिम्स में चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।



