Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे। यहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताए और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जोन्हा फॉल भ्रमण की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि रांची शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित जोन्हा फॉल की हरी-भरी वादियों में समय बिताने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने स्थानीय फलों का स्वाद भी लिया और वहां मौजूद लोगों से आत्मीय संवाद किया।
उन्होंने कहा कि प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार-बार यह एहसास कराता है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है। यह हमारी साझा धरोहर है, जिसे सहेजना और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के किसी भी कोने में चले जाइए, प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों में आपका स्वागत करती दिखाई देगी। उन्होंने सभी पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों का झारखंड की इस अनुपम धरती पर हार्दिक स्वागत करते हुए ‘जोहार’ कहा।



