Pakur : झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। कथित प्रेम संबंध के संदेह में एक विवाहिता महिला और एक युवक को कथित तौर पर अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, महिला और युवक को पकड़कर बंधक बनाया गया। इसके बाद आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। आरोप है कि इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया गया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला के पति सहित 5 नामजद आरोपियों और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम साईमन मरांडी और एसडीपीओ विजय कुमार की मौजूदगी में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



