- नन्हे विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक किया योगाभ्यास, स्वस्थ तन-मन का दिया संदेश
Ranchi : काशीनाथ महतो पब्लिक स्कूल, सुकुरहुटू, कांके में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नियमित योगाभ्यास एवं शारीरिक व्यायाम सत्र का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर उच्च कक्षाओं तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं एकाग्रता के साथ विभिन्न योगासन और स्ट्रेचिंग अभ्यास किए।
विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में बच्चों ने शरीर को स्वस्थ, लचीला एवं ऊर्जावान बनाए रखने वाले विभिन्न योगाभ्यास किए। इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित योग करने, संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा मानसिक तनाव से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन के डी महतो और किरण देवी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक श्रेष्ठ जीवन-पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है, जिससे उनका शैक्षणिक प्रदर्शन भी बेहतर होता है।
कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्यवर्धक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



