- देर रात असामाजिक तत्वों की शर्मनाक करतूत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; पुलिस ने दोषियों की गिरफ्तारी के लिए तेज की जांच
मुकेश रंजन
Ranchi: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत संग्रामपुर गांव स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है। धार्मिक आस्था पर हुए इस हमले से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार की देर रात की है। शनिवार की सुबह जब श्रद्धालु प्रतिदिन की भांति पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो शिवलिंग खंडित अवस्था में मिला। यह दृश्य देखते ही श्रद्धालु स्तब्ध रह गए और तत्काल इसकी सूचना गांव के मुखिया सोमा उरांव को दी।
सूचना मिलते ही मुखिया सोमा उरांव ग्रामीणों के साथ मंदिर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। इसके बाद कांके थाना पुलिस को सूचना देकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत भी सौंपी गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और घटना के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया।
घटना की सूचना पर डीएसपी अमर कुमार पांडेय तथा कांके थाना इंस्पेक्टर कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का भरोसा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था पर सीधा प्रहार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे व्यापक जनआंदोलन करने को विवश होंगे।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और सामाजिक सौहार्द एवं धार्मिक आस्था सुरक्षित रह सके।



