मुकेश रंजन
Ranchi : राजधानी के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में रविवार को रांची जिला के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय थ्रोबॉल खिलाड़ियों ने “एक खेल, एक संघ, एक पहचान” के समर्थन में शांतिपूर्ण सांकेतिक प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने सिर पर काला पट्टा बांधकर झारखंड में प्रत्येक खेल के लिए एक ही मान्यता प्राप्त संघ की व्यवस्था बनाए रखने की मांग की। खिलाड़ियों का कहना था कि झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ पिछले 18 वर्षों से खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
हाल ही में द्वितीय साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप में झारखंड के दो खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव, भारतीय टीम के कोच नगीना कुमार, महिला टीम की कप्तान अरुणा यादव और दक्षिण एशियाई पदक विजेता अमरदीप कुमार ने कहा कि समानांतर संगठन खिलाड़ियों के भविष्य को प्रभावित करते हैं। उन्होंने सरकार और खेल विभाग से खिलाड़ियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खेल की एकता और गरिमा बनाए रखने की अपील की।



