मुकेश रंजन
Ranchi : विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में इस वर्ष बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी यात्रा को लेकर झारखंड में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। बजरंग दल के केंद्रीय कार्यक्रम के तहत 18 अगस्त 2026 को झारखंड से लगभग 250 श्रद्धालुओं का जत्था संबलपुर–जम्मूतवी एक्सप्रेस के माध्यम से जम्मू स्थित भगवती नगर बेस कैंप के लिए रवाना होगा। इसकी जानकारी बजरंग दल के प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि 16 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक चलने वाली इस यात्रा में झारखंड से अब तक 322 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है, जबकि 226 यात्रियों ने आने-जाने का रेल आरक्षण भी करा लिया है। इस बार यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल होंगी।
रंगनाथ महतो ने बताया कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी यात्रा वर्ष 2005 से बजरंग दल के आह्वान पर नियमित रूप से आयोजित की जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु इस पवित्र धाम में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का इतिहास वर्ष 1996 से जुड़ा है, जब अमरनाथ यात्रा को लेकर आतंकवादी संगठनों की धमकियों के बावजूद देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा कर आस्था और साहस का परिचय दिया था।
उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यता के अनुसार बाबा अमरनाथ बर्फानी की यात्रा तब तक पूर्ण नहीं मानी जाती, जब तक श्रद्धालु बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी के दर्शन नहीं कर लेते। मान्यता है कि भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व की कथा का प्रारंभ इसी पवित्र स्थल से किया था।
रंगनाथ महतो ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक चेतना का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से सीमा क्षेत्र में स्थित प्राचीन हिंदू धार्मिक स्थलों के संरक्षण को बल मिला है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच आत्मविश्वास और साहस का वातावरण मजबूत हुआ है।
उन्होंने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से इस पवित्र यात्रा में सहभागिता कर धार्मिक एवं राष्ट्रीय चेतना के इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।


