श्रावणी मेला-2026: बाबा मंदिर में इस बार भी रहेगी विशेष अरघा व्यवस्था, उपायुक्त ने तैयारियों का किया निरीक्षण

Deoghar : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा वैद्यनाथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की

श्रावणी मेला-2026: बाबा मंदिर में इस बार भी रहेगी विशेष अरघा व्यवस्था, उपायुक्त ने तैयारियों का किया निरीक्षण
Advertisement

Deoghar : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा वैद्यनाथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष भी विशेष अरघा व्यवस्था समय पर शुरू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने बताया कि श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालुओं के सुचारु जलार्पण और प्रभावी भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मंदिर के मंझला खंड में मुख्य विशेष अरघा बनाया जाएगा। यहां सामान्य कतार और कूपन के माध्यम से आने वाले श्रद्धालु आसानी से जलार्पण कर बाबा वैद्यनाथ के दर्शन कर सकेंगे।

बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगी विशेष सुविधा

उपायुक्त ने बताया कि मंदिर के निकास द्वार के समीप नीर कुंड के पास बाह्य अरघा भी स्थापित किए जाएंगे। यह व्यवस्था विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, असहाय श्रद्धालुओं और कम समय में जलार्पण करने के इच्छुक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही है। इससे उन्हें लंबी कतार में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि बाह्य अरघा में अर्पित गंगाजल अत्याधुनिक पाइपलाइन के माध्यम से नीर कुंड होते हुए सीधे गर्भगृह में स्थापित बाबा वैद्यनाथ के ज्योतिर्लिंग पर पहुंचेगा। इससे जलार्पण की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी और मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।

सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य देवघर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण में बाबा वैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण की व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.