मुकेश रंजन
Ranchi : कांके प्रखंड की बाढ़ु पंचायत में 15वें वित्त आयोग मद से निर्मित पेवर ब्लॉक सड़क की गुणवत्ता जांच के दौरान सरकारी टीम पर कथित हमले का गंभीर मामला सामने आया है। सहायक अभियंता विमलेन्दु शेखर ने वेंडर सह सामग्री आपूर्तिकर्ता सलमान अंसारी एवं उसके सहयोगियों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, लूटपाट, छीनतई, महिला कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए संबंधित थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, मंगलवार को सहायक अभियंता विमलेन्दु शेखर पंचायत की कनीय अभियंता शिल्पा लिंडा के साथ ग्राम बाढ़ु में 15वें वित्त आयोग मद से निर्माणाधीन पेवर ब्लॉक सड़क का निरीक्षण, गुणवत्ता परीक्षण एवं जियो टैगिंग करने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोप है कि वेंडर सह सामग्री आपूर्तिकर्ता सलमान अंसारी अपने तीन सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचा और सरकारी जांच कार्य का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत में कहा गया है कि महिला कर्मी की उपस्थिति का हवाला देकर गाली-गलौज से मना करने पर आरोपी और उग्र हो गया। आरोप है कि उसने सहायक अभियंता को धक्का देकर उनके हाथ से योजना की कच्ची मापी छीन ली तथा उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी जेब से करीब 2,500 रुपये नकद, हाथ में पहनी शादी की अंगूठी और गले से सोने की चेन छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है।
सहायक अभियंता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, “यहां से तुरंत भाग जाओ, नहीं तो जिंदा वापस नहीं जाओगे।”
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं कनीय अभियंता शिल्पा लिंडा के साथ भी कथित रूप से धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है। दोनों अधिकारी किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
सहायक अभियंता विमलेन्दु शेखर ने बताया कि घटना में उन्हें अंदरूनी चोटें आईं, जिसके बाद उन्होंने दर्द निवारक दवा ली और प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को पूरे मामले की जानकारी दी।
अपनी लिखित शिकायत में उन्होंने सलमान अंसारी एवं उसके सहयोगियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, लूटपाट, छीनतई, महिला कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।










