Ranchi : एसी कोच में आरएसी (Reservation Against Cancellation) टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब एसी कोच में सफर करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को भी अन्य यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाएगा।
इस किट में चादर, कंबल, तकिया और तकिया कवर सहित सभी आवश्यक सामग्री शामिल होगी।
शिकायतों के बाद रेलवे बोर्ड सख्त
रेलवे बोर्ड ने मंगलवार को जारी अपने आदेश में बताया कि इस संबंध में वर्ष 2016, 2017 और 2023 में भी निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को या तो बेडरोल उपलब्ध नहीं कराया जाता है या फिर अधूरा बेडरोल दिया जाता है।
इन्हीं शिकायतों को देखते हुए बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सभी पात्र एसी कोच में लागू होगा आदेश
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था एसी चेयर कार को छोड़कर सभी पात्र एसी श्रेणियों पर लागू होगी। यानी फर्स्ट एसी, एसी टू टियर, एसी थ्री टियर तथा अन्य पात्र एसी कोच में यात्रा करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को भी कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के समान पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाएगा।
RAC यात्रियों के साथ नहीं होगा भेदभाव
रेलवे बोर्ड ने कहा है कि आरएसी यात्रियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। सभी पात्र यात्रियों को समान सुविधा उपलब्ध कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
लाखों यात्रियों को मिलेगा लाभ
इस नए आदेश के लागू होने से देशभर में एसी कोच में आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से बेडरोल नहीं मिलने या अधूरी सामग्री मिलने की शिकायतों पर रोक लगने की उम्मीद है।
रेलवे का मानना है कि इस निर्णय से यात्रियों को बेहतर, समान और अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।










