- दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 सोमवार सुबह लैंडिंग से पहले पक्षी से टकरा गई। 164 यात्रियों के साथ विमान सुरक्षित उतरा और तकनीकी जांच के बाद 79 मिनट की देरी से दिल्ली रवाना हुआ।
Patna : दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 1741 सोमवार सुबह लैंडिंग से पहले हवा में पक्षी से टकरा गई। विमान में 164 यात्री सवार थे। पायलट की सूझबूझ से विमान को सुबह 7:43 बजे जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, पटना पर सुरक्षित उतार लिया गया।
लैंडिंग से पहले पायलट ने विमान के दाहिने इंजन के पास पक्षी टकराने की सूचना एयरपोर्ट प्रशासन को दी। इसके बाद एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया गया।
रनवे पर दमकल और राहत सेवाएं तैनात
बर्ड स्ट्राइक की सूचना मिलते ही रनवे पर दमकल वाहनों और अन्य राहत सेवाओं को तैनात कर दिया गया। संभावित आपात स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।
पटना एयरपोर्ट निदेशक सीपी द्विवेदी ने विमान से पक्षी टकराने की घटना की पुष्टि की है।
तकनीकी जांच में हुई बर्ड स्ट्राइक की पुष्टि
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद तकनीकी टीम ने उसकी जांच की। जांच में बर्ड स्ट्राइक की पुष्टि हुई, हालांकि विमान के इंजन को किसी तरह का नुकसान नहीं पाया गया।
सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को दोबारा दिल्ली रवाना करने की तैयारी शुरू की गई। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान की जरूरी तकनीकी जांच की गई।
79 मिनट की देरी से दिल्ली रवाना हुआ विमान
AI 1741 को पटना से सुबह 8:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होना था। हालांकि, बर्ड हिट की घटना के बाद आवश्यक जांच और सुरक्षा प्रक्रिया के कारण उड़ान में देरी हुई।
विमान करीब 79 मिनट की देरी से सुबह 10:09 बजे 160 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान की पूरी जांच के बाद उसे सुरक्षित पाए जाने पर ही उड़ान की अनुमति दी गई।
किसी यात्री को नहीं लगी चोट
बर्ड हिट की घटना के बाद एयरपोर्ट पर एहतियाती प्रोटोकॉल लागू होने के कारण कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। आवश्यक तकनीकी जांच और सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद विमान सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया।



