- बिहार सरकार बच्चों का मनोबल बनाए रखने के लिए मार्कशीट और प्रमाण पत्र पर ‘फेल’ शब्द हटाएगी। शिक्षा विभाग जल्द बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को नए निर्देश जारी करेगा।
Patna : बिहार के बच्चों की मार्कशीट और प्रमाण पत्र पर अब ‘फेल’ शब्द नहीं लिखा जाएगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए नियमों में बदलाव किया जाएगा और शिक्षा विभाग जल्द ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवश्यक निर्देश जारी करेगा।
‘फेल’ शब्द की जगह प्रमाण पत्र पर ‘कौशल के लिए पात्र’ शब्द का प्रयोग किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य बच्चों का मनोबल बनाए रखना है।
शिक्षा मंत्री ने बताया फैसले का कारण
विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मिथिलेश तिवारी ने कहा कि किसी परीक्षा में अपेक्षित अंक नहीं आने से बच्चे की प्रतिभा खत्म नहीं हो जाती।
उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत प्रमाण पत्र पर ‘फेल’ जैसे शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
पूरक परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं चलाई जाएंगी।
इन कक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देना और उनकी सफलता सुनिश्चित करना है।
शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में 5 सितंबर को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। इस अवसर पर दोनों उप मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री शिक्षक सहयोग पोर्टल की भी शुरुआत करेंगे।
हर जिले से एक-एक चयनित शिक्षक को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में चयनित पटना के 10 मॉडल स्कूलों के बच्चों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
इसके अलावा डायट, एससीईआरटी और शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों के शिक्षकों को भी समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के आय-व्यय की भी समीक्षा
समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने बिहार शिक्षा परियोजना परिषद सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न विभागों के आय-व्यय का भी जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बैठक में विभाग के सचिव राजीव रौशन, विशेष सचिव धर्मेन्द्र कुमार समेत सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।



