Patna : रक्षाबंधन के अवसर पर ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए बिहारशरीफ के कारगिल पार्क में महोगनी के पौधे को राखी बांधी। उन्होंने पौधे को रक्षा सूत्र बांधकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया।
मंत्री ने कहा कि जिस तरह बहन अपने भाई की रक्षा की कामना करती है, उसी तरह समाज को भी पेड़-पौधों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण ही जीवन का आधार है। पेड़ ऑक्सीजन, छाया और फल देने के साथ मानव जीवन को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्रवण कुमार ने लोगों से अपील की कि वे विशेष अवसरों, जैसे जन्मदिन और त्योहारों पर पौधे लगाएं और उन्हें परिवार के सदस्य की तरह बड़ा करें। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौती का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण और पेड़ों के संरक्षण पर जोर दिया।
मंत्री ने दावा किया कि बिहार का हरित आवरण पहले करीब 7 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 19 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने राज्य के हरित आवरण को 33 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे।