- रांची में नगर विकास और पथ निर्माण विभाग की समीक्षा में सीएम हेमन्त सोरेन ने रोड नेटवर्क, ड्रेनेज, ट्रैफिक, वेंडर मार्केट और शहरी नियोजन पर निर्देश दिए।
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पथ निर्माण विभाग की कार्ययोजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, कार्यान्वयन की स्थिति और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में रांची शहर को व्यवस्थित, सुगम और आधुनिक बनाने से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, पार्क, चौक-चौराहे, यातायात व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम और चल रही विकास परियोजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने रांची के मास्टर प्लान और आने वाले वर्षों की विकास कार्ययोजना पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक और समग्र कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए।
राज्य के सभी प्रमुख शहरों के विकास पर जोर
बैठक में राज्य के रोड नेटवर्क और संचालित कार्यों का ओवरव्यू लिया गया। पिछले पांच वर्षों में बनाई गई कार्ययोजनाओं तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सड़क और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के उपायों की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का दायरा केवल रांची तक सीमित नहीं होना चाहिए। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाए।
उन्होंने शहरों को जोनवार विभाजित कर आबादी और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण योजनाओं में जल निकासी की समुचित व्यवस्था को सड़क निर्माण का अभिन्न हिस्सा मानकर काम करने को कहा। उन्होंने सड़क के दोनों किनारों पर सुव्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सड़क और ड्रेनेज की पूरी संरचना को एकीकृत रूप से डिजाइन किया जाए। ड्रेनेज सिस्टम के लिए सड़क की संरचना के अनुरूप पर्याप्त चौड़ाई और आवश्यक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में सड़क किनारे अनियोजित निर्माण या अतिक्रमण की स्थिति न बने।
मुख्यमंत्री ने सड़क के दोनों किनारों पर ड्रेनेज, पैदल आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए पर्याप्त जगह का प्रावधान करने को कहा। उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर सड़क निर्माण की योजना तैयार करने पर जोर दिया।
हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट
मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे ठेला, गुमटी और अन्य स्वरोजगार के जरिए आजीविका चलाने वाले वेंडर्स के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी वेंडर्स को चिन्हित कर उनके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया। इससे सड़क किनारे अनियोजित तरीके से लगने वाले बाजार और दुकानों के कारण होने वाली जाम एवं भीड़ की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए तैयार होगा ठोस प्लान
मुख्यमंत्री ने रांची शहर की यातायात व्यवस्था को और सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने शहर में संचालित सभी बसों की संख्या, उनके रूट और समय-सारणी का समुचित डेटा तैयार करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए यह जानकारी जरूरी है। इससे अनावश्यक भीड़ और यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने शहर की सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिन्हित कर बंद करने तथा वाहनों के लिए निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
लटकते तार और अव्यवस्थित केबल हटाने के निर्देश
रांची को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री ने सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लटक रहे बिजली, टेलीकॉम और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रमुख मार्गों और सड़कों पर खंभों में अव्यवस्थित तरीके से लिपटे तारों तथा पेड़ों की शाखाओं पर लटक रहे अनावश्यक और अनुपयोगी तारों को चिन्हित कर नियमानुसार हटाने को कहा। उपयोग में आ रहे तारों को व्यवस्थित तरीके से लगाने का भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों के किनारे और चौक-चौराहों पर तारों का अनियोजित जाल शहर की सुंदरता प्रभावित करने के साथ आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर समस्या बन सकता है। संबंधित विभाग और एजेंसियां आपसी समन्वय से ऐसे स्थानों का सर्वे कर लटकते और अव्यवस्थित तारों को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित करें।
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की होगी पहचान
मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियोजित वेंडिंग की समस्या का समाधान करते हुए संबंधित लोगों के लिए वैकल्पिक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि इससे शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ लोगों की आजीविका भी प्रभावित नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची सहित राज्य के अन्य शहरों के विकास की योजना बनाते समय शहरी नियोजन, सड़क नेटवर्क, यातायात, ड्रेनेज, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, वेंडर व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, पार्क और हरित क्षेत्र समेत सभी आवश्यक पहलुओं को समग्र रूप से शामिल किया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार, उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।



