पश्चिमी सिंहभूम: मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमीरता गांव में शनिवार देर रात बर्तन व्यापारी से लूटपाट का मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर दुकान में घुसकर करीब 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। व्यापारी ने जब इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया।
घायल व्यापारी की पहचान मुर्शिदाबाद निवासी 39 वर्षीय सुरजीत दास के रूप में हुई है। वह अपने साले संजय दास और साथी कृष्णा प्रामाणिक के साथ सिमीरता गांव में किराये की दुकान लेकर बर्तन का कारोबार करते हैं।
दुकान में घुसकर अपराधियों ने शुरू की लूटपाट
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार रात दो नकाबपोश अपराधी दुकान में पहुंचे। हथियार दिखाकर दोनों ने लूटपाट शुरू कर दी। बताया गया है कि अपराधियों ने दुकान का शटर गिरा दिया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सके। बदमाशों ने दुकान में रखे करीब 50 हजार रुपये अपने कब्जे में ले लिए। इसी दौरान सुरजीत दास ने लूट का विरोध किया।
विरोध करने पर व्यापारी को मारी गोली
लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने सुरजीत दास के पेट में गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद सुरजीत और उनके साथियों ने हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने एक अपराधी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा बदमाश लूट की रकम लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
गोली चलने और शोर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को बांध दिया और घटना की सूचना मनोहरपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने एक पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की है।
घायल व्यापारी और आरोपी अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने घायल व्यापारी सुरजीत दास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए आरोपी को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। इधर, घटना के बाद फरार अपराधी की तलाश तेज कर दी गयी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस जुटी मामले की जांच में
मनोहरपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों और फरार आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता फरार अपराधी को गिरफ्तार करने के साथ लूट की रकम बरामद करना है। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों और ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है।



