Ranchi: झारखंड के रांची जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति पर अपनी गर्भवती पत्नी को नदी में धक्का देकर हत्या की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है। महिला के मुताबिक, आरोपी पति पहले उसे जोन्हा फॉल घुमाने के बहाने ले गया था। वहां लोगों की मौजूदगी के कारण कथित तौर पर वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका। इसके बाद महिला को पैका जोड़ा पुल के पास ले जाकर उफनती नदी में धक्का देने का आरोप है।
नदी के तेज बहाव में बहती हुई महिला एक टापू पर जाकर फंस गई। वह पूरी रात ठंडे पानी और अंधेरे के बीच मदद का इंतजार करती रही। रविवार सुबह ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद करीब दो-तीन ग्रामीण तैरकर टापू तक पहुंचे और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
जोन्हा फॉल से पैका जोड़ा पुल तक पहुंचा पति
घटना शनिवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान सुरेश महतो उर्फ मिथुनजय महतो के रूप में हुई है, जो बुंडू के मधुकमा का रहने वाला बताया गया है। उसकी 22 वर्षीय पत्नी लखीमनी का मायका पुरानाडीह, सताकी में है।
लखीमनी के अनुसार, सुरेश उसे बाइक से घूमाने के नाम पर घर से लेकर निकला था। दोनों पहले जोन्हा फॉल पहुंचे। वहां पर्यटन मित्रों और अन्य लोगों की मौजूदगी थी। महिला का आरोप है कि इसी वजह से पति वहां उसे नुकसान नहीं पहुंचा सका।
इसके बाद दोनों अमरूद बगान पहुंचे और वहां से टाटीसिल्वे होते हुए पैका जोड़ा पुल के पास गए।
पेट दर्द का बहाना बनाकर बाइक रोकने का आरोप
महिला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि पैका जोड़ा पुल के पास सुरेश ने पेट में दर्द होने की बात कहकर बाइक रोक दी। इसके बाद मौका देखकर उसने पत्नी को नदी में धक्का दे दिया।
अचानक नदी में गिरने के बाद लखीमनी तेज बहाव में बहने लगी। इसी दौरान वह नदी के बीच मौजूद एक टापू तक पहुंच गई और वहीं फंस गई। उसके दोनों ओर पानी का तेज बहाव था। महिला का मोबाइल भी नदी में गिरकर खराब हो गया, जिससे वह किसी को तत्काल फोन कर मदद नहीं मांग सकी।
पूरी रात टापू पर फंसी रही महिला
नदी के बीच टापू पर फंसी लखीमनी ने पूरी रात वहीं गुजारी। ठंडे पानी और खुले वातावरण में वह मदद का इंतजार करती रही।
रविवार सुबह करीब 4:30 बजे महली टोला निवासी सुकरा महली की नजर महिला पर पड़ी। लखीमनी ने उसे देखकर मदद के लिए आवाज लगाई। हालांकि अंधेरा होने के कारण सुकरा महली डर गया और महिला को चुड़ैल समझकर वहां से भाग गया।
बाद में उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। करीब 4:50 बजे कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दो-तीन ग्रामीण तैरकर टापू तक गए और करीब 5:15 बजे महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
ठंड से कांप रही थी लखीमनी, नहीं मिली गंभीर चोट
रेस्क्यू के वक्त महिला ठंड से बुरी तरह कांप रही थी। हालांकि उसके शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित स्थान पर लाया गया, जिसके बाद उसकी हालत सामान्य हुई।
समाजसेवी बैजनाथ महतो ने भी घटना की जानकारी दी है।
12 मई 2026 को हुई थी दूसरी शादी
पुलिस के मुताबिक, लखीमनी सुरेश महतो की दूसरी पत्नी है। दोनों की शादी 12 मई 2026 को हुई थी। इससे पहले सुरेश अपनी पहली पत्नी से अलग हो चुका था।
महिला ने पति पर आरोप लगाया है कि वह तीसरी शादी करना चाहता था और इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस अभी इस आरोप की जांच कर रही है। घटना के बाद से सुरेश का मोबाइल बंद बताया जा रहा है और वह फरार है।
अनगड़ा थाने में हत्या के प्रयास की प्राथमिकी
घटना की जानकारी मिलते ही अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला के बयान के आधार पर पति सुरेश महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं महिला के ससुर फूरेंद्र महतो के बयान पर भी हत्या के प्रयास से संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस आरोपी की तलाश में बुंडू समेत उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तीसरी शादी की कथित योजना और महिला को नदी में धकेलने के पीछे की वजह भी जांच के दायरे में है।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




