मुकेश रंजन
Ranchi : पिठोरिया एजुकेशनल फाउंडेशन द्वारा संचालित प्रेम मंजरी उच्च विद्यालय, पिठोरिया में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके जीवन, विचारों तथा राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश से देश को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके विचार आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
विद्यार्थियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन से जुड़ी घटनाओं एवं उनके आदर्शों पर अपने विचार रखे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से गांधीजी के सत्य-अहिंसा तथा शास्त्रीजी के सादगी, अनुशासन और देशभक्ति के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का समापन महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ। मौके पर विद्यालय के निदेशक सुजीत कुमार केसरी, शेखर कुमार, दीपक चौरसिया, एचएम विजय पांडेय सहित सहायक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।



