मुकेश रंजन
Ranchi :अरसंडे पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। पराठा चौक से पिग्री फार्म वेटरनरी एवं शिव मंदिर तक चले अभियान में कल्याण गुरुकुल, कांके-अरसंडे के आवासीय प्रशिक्षणार्थियों, प्राचार्य, पंचायत सहायक और मॉर्निंग वॉकर ग्रुप के सदस्यों ने श्रमदान किया। युवाओं ने सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर बिखरे कचरे की सफाई की।
पंचायत सहायक चंद्रदीप कुमार ने बताया कि स्वच्छता अभियान प्रत्येक रविवार सुबह छह से आठ बजे तक जारी रहेगा। धीरे-धीरे इसे पूरे पंचायत क्षेत्र में विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों, दुकानदारों और मकान मालिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कचरा जमा करने के लिए प्रखंड परिसर में शेड बनाया गया है।
कल्याण गुरुकुल के प्राचार्य राम बहादुर सिंह ने कहा कि युवाओं को कौशल व रोजगार के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। गुरुकुल में युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, जीवन कौशल, अनुशासन और रोजगारपरक शिक्षा दी जाती है। प्रशिक्षणार्थियों ने भविष्य में भी स्वच्छता अभियान में नियमित सहयोग का संकल्प लिया।




