- दो किशोर भी हिरासत में, 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
Mukesh Ranjan
Ranchi : कांके थाना पुलिस ने संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास छापेमारी कर हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से उसके साथ दो किशोरों को भी पकड़ा। गिरफ्तार युवक की पहचान हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 7.65 एमएम की एक देसी पिस्टल और इसी बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को मनातू निवासी बबलू नायक ने कांके थाना में आवेदन देकर हेमंत मुंडा समेत अन्य युवकों पर अपने पुत्र को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी थी।
इसी क्रम में 7 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास कुछ युवकों के संदिग्ध अवस्था में खड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी कुणाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। मौके से हेमंत मुंडा और दो किशोरों को पकड़ा गया। तलाशी में हेमंत के पास से देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से रेडमी नोट प्रो और रेडमी-5 प्रो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
मामले में कांके थाना कांड संख्या 206/26 के तहत धारा 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।




