Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी में बनारस से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। ट्रेन संख्या 24203 पर अमेठी रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर सिग्नल के पास पत्थर फेंका गया, जिससे ट्रेन के गार्ड हरिकेश घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेन को अमेठी स्टेशन पर रोककर गार्ड का प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद ट्रेन को रायबरेली के लिए रवाना कर दिया गया।
पूर्वी आउटर सिग्नल के पास हुआ पथराव
जानकारी के अनुसार, बनारस-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस रात 8:57 बजे अमेठी रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली थी। इसी दौरान ट्रेन जब स्टेशन के पूर्वी आउटर सिग्नल के पास पहुंची, तभी किसी ने उस पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से गार्ड घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद गार्ड ने रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को अमेठी स्टेशन पर रोका गया, जहां घायल गार्ड को प्राथमिक उपचार दिया गया। करीब 15 मिनट तक रुकने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई।
रायबरेली जीआरपी में दर्ज हुई शिकायत
रायबरेली पहुंचने पर गार्ड हरिकेश ने जीआरपी थाने में घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायबरेली जीआरपी ने मुकदमा दर्ज किया। बाद में घटनास्थल प्रतापगढ़ जीआरपी के क्षेत्र में होने के कारण केस को वहां रेफर कर दिया गया।
रेलवे सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
चलती ट्रेन पर पथराव की इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसी घटनाओं से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। फिलहाल, जीआरपी मामले की जांच कर रही है और पथराव करने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




