राज्य में अपराधी पुलिस गठजोड़ को सत्ताधारी का संरक्षण : बाबूलाल मरांडी

धनबाद। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधियों और पुलिस में गठजोड़ है। इस गठजोड़ को राज्य की सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। मरांडी शनिवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर पार्टी की जनाक्रोश रैली को

Advertisement

धनबाद। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधियों और पुलिस में गठजोड़ है। इस गठजोड़ को राज्य की सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। मरांडी शनिवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर पार्टी की जनाक्रोश रैली को संबोधित कर रहे थे।

मरांडी ने कहा कि राज्य में जब से हेमंत सोरेन की सरकार बनी है अपराधियों, भ्रष्टाचारियों का मनोबल बढ़ा है। इस मामले में हेमंत है तो हिम्मत है का नारा चरितार्थ हो रहा। उन्होंने कहा कि धनबाद अपराध का केंद्र बन गया है। कोयले की लूट मची है। आजाद भारत में सर्वाधिक कोयले की लूट हेमंत सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में हुई है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार केवल कोयला, बालू, पत्थर की लूट से ही कमाने में नहीं जुटी है, बल्कि अपराधियों से भी कमा रही है।

मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार अपराधियों को जेल में गैर कानूनी सुविधा मुहैया करा रही। अपराधी जेल से रंगदारी मांग रहे। अपराधियों का विदेशों से भी कनेक्शन उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को लाखों रुपये की कमाई धनबाद से हो रही। राज्य से व्यापारी पलायन कर रहे। छोटे-छोटे व्यवसायियों, ठेला खोमचा वालों से भी अपराधी वसूली कर रहे और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने पुलिस को अपराधियों, भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नहीं, बल्कि वसूली के लिए लगा दिया है। यह सरकार काम करती तो लोगों को रोजगार के लिए बाहर के राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ता। उत्तराखंड टनल में सबसे ज्यादा मजदूर झारखंड के ही फंसे थे।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भ्रष्टाचार के खिलाफ ईडी की कार्रवाई में मुख्यमंत्री पर शिकंजा कस रहा। मुख्यमंत्री भागे फिर रहे। यदि वे दोषी नहीं हैं तो फिर क्यों नहीं ईडी के पास जाकर अपनी संपत्ति बता देते। मरांडी ने कहा कि विकास की पहली प्राथमिकता अमन चैन, विधि व्यवस्था होती है। प्रदेश में भाजपा की चाहे बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास किसी के नेतृत्व में सरकार रही हो अपराधियों में खौफ थी। अपराधी राज्य छोड़कर भाग गए थे।

उन्होंने कहा कि जबतक झामुमो कांग्रेस, राजद ठगबंधन की सरकार हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में रहेगी राज्य को अपराध मुक्त नहीं बनाया जा सकता। हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने तक भाजपा का यह आंदोलन जारी रहेगा। भाजपा सरकार केवल अपराधियों को ही नहीं, बल्कि अपराधियों को बचाने वालों को भी अपराधी की तरह सजा दिलाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.