पीरपैंती (भागलपुर)। अदाणी फाउंडेशन की ओर से पीरपैंती प्रखंड के हरिणकोल पंचायत अंतर्गत पहाड़िया टोला गांव में जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच 400 से अधिक कंबलों का वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक मुरारी पासवान ने किया।
इस अवसर पर विधायक मुरारी पासवान ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्य ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह की पहल से न केवल जरूरतमंदों को सहायता मिलती है, बल्कि गांवों के समग्र विकास को भी गति मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अदाणी फाउंडेशन की ओर से पहाड़िया टोला गांव में लगाए गए छह सोलर स्ट्रीट लाइट एवं 30 फीट ऊंची सोलर हाई मास्ट लाइट का फीता काटकर उद्घाटन किया। इन लाइटों के लगने से गांव में रात्रि के समय प्रकाश की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में अदाणी पावर द्वारा 2400 मेगावाट क्षमता के पावर प्लांट के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही कंपनी अपनी सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत सामाजिक दायित्वों का लगातार निर्वहन कर रही है और स्थानीय समुदाय के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
इस कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन एवं अदाणी पावर के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही हरिणकोल पंचायत के मुखिया दीपक सिंह, सरपंच बरुन गोस्वामी, बीससूत्री कार्यक्रम कमेटी अध्यक्ष हरेराम शर्मा, वार्ड सदस्य रिजू पहाड़िया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।

