Washington : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला में सैन्य अभियान के बाद अब अन्य देशों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि कोलंबिया में कभी भी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई हो सकती है, जबकि मेक्सिको को भी ड्रग तस्करी के मुद्दे पर कड़ी चेतावनी दी गई है।
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि कोलंबिया को लेकर अमेरिका सभी विकल्प खुले रखे हुए है। उन्होंने यह भी साफ किया कि मेक्सिको को नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए और प्रभावी कदम उठाने होंगे। ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा कि अमेरिका को ग्रीनलैंड की रणनीतिक रूप से आवश्यकता है।
वेनेजुएला के तेल उद्योग पर ट्रंप का फोकस
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला का तेल उद्योग पूरी तरह से बेपटरी हो चुका है और इसे दोबारा खड़ा करने के लिए अरबों डॉलर के निवेश की जरूरत होगी। उन्होंने संकेत दिए कि अमेरिका इस काम के लिए वेनेजुएला में अमेरिकी तेल कंपनियों की भूमिका देख रहा है।
हालांकि ट्रंप ने यह भी स्वीकार किया कि दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार जितने आकर्षक दिखते हैं, वे अमेरिकी कंपनियों के लिए फायदे से ज्यादा जोखिम भरे साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला के तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को फिर से तैयार करने में भारी लागत आएगी, जबकि मौजूदा कच्चे तेल की कीमतें इतना बड़ा निवेश करने के अनुकूल नहीं हैं।
अमेरिकी कंपनियां निवेश को लेकर सतर्क
ट्रंप ने बताया कि वेनेजुएला के विशेष प्रकार के कच्चे तेल को रिफाइन करना भी अपने आप में काफी महंगा है। इस बीच अमेरिकी अधिकारियों ने प्रमुख अमेरिकी तेल कंपनियों से बातचीत की है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक कंपनियां फिलहाल दोबारा निवेश करने का वादा करने से हिचकिचा रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप के इन बयानों से लैटिन अमेरिकी देशों में भू-राजनीतिक तनाव और बढ़ सकता है। खासकर कोलंबिया और मेक्सिको के साथ अमेरिका के रिश्तों पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

