Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी के बार-बार मायके जाने से नाराज एक शख्स ने ससुराल पहुंचकर बुलडोजर से तोड़फोड़ कर दी। आरोपी ने घर के बाहर बनी बाउंड्री वॉल को बुलडोजर से गिरा दिया। घटना गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिंटू मंडल की शादी सिरसिया गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही वह नशे की हालत में पत्नी उर्मिला के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करता था। इसी वजह से उर्मिला अपने दो बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थी। पत्नी के मायके चले जाने से नाराज पिंटू मंडल एक दिन जेसीबी लेकर ससुराल पहुंच गया और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ती देख आरोपी जेसीबी लेकर फरार हो गया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

