Ranchi : राजधानी रांची सहित झारखंड के अधिकांश जिलों में रविवार को आंशिक बादल छाए रहे। बादल छाने के कारण दिन में भी लोगों को ठंड का एहसास हुआ, जबकि शाम होते ही हल्की कनकनी बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार 29 नवंबर तक सुबह और रात के समय कुहासा छाया रहेगा तथा दिन में आंशिक बादल बने रहेंगे। विभाग ने यह भी बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में लगभग 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक पाया गया।
रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे, जिसके कारण पूरा दिन ठंड का एहसास बना रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 30.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लोहरदगा में 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम 13.4 डिग्री, जमशेदपुर में 29.1 और 15.4 डिग्री, डालटेनगंज में 28.6 और 12 डिग्री, बोकारो में 28.1 और 14.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 19.8 और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

