धनबाद के मनईटांड़ में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से पान विक्रेता की मौत

Dhanbad Road Accident: मनईटांड़ में दो ट्रकों की ओवरटेकिंग के दौरान साइकिल सवार पान विक्रेता की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
मनईटांड़ में दो ट्रकों की ओवरटेकिंग के बीच आया साइकिल सवार
Advertisement

Dhanbad: धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ में मंगलवार देर रात दो ट्रकों के बीच ओवरटेकिंग की होड़ एक साइकिल सवार के लिए जानलेवा साबित हुई। घर लौट रहे पान विक्रेता सुरेश चौरसिया एक ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। मृतक सुरेश चौरसिया दुहाटांड़ के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार रात साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एफसीआई गोदाम की ओर से कई भारी वाहन मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक रोड की तरफ जा रहे थे।

दो ट्रकों के बीच ओवरटेकिंग में हुआ हादसा

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सड़क पर आगे निकलने की कोशिश में दो ट्रकों के बीच ओवरटेकिंग शुरू हो गई। इसी दौरान वहां से साइकिल लेकर गुजर रहे सुरेश चौरसिया एक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि सुरेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।

Also Read: पटना में सुबह-सुबह घर के बाहर खड़े व्यक्ति से 7 लाख की चेन झपटी, बाइक पर युवक-युवती फरार

हादसे के बाद लोगों ने किया सड़क जाम

सुरेश की मौत से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की भी सूचना है। प्रदर्शन के दौरान तीन से चार ट्रकों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इससे मनईटांड़-जोड़ाफाटक मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।

पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया

हादसे की सूचना मिलने के बाद धनसार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सामाजिक कार्यकर्ता भृगुनाथ भगत ने आरोप लगाया कि मनईटांड़ की सड़क पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और चालकों की लापरवाही के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। उन्होंने भारी वाहनों के परिचालन को लेकर प्रभावी व्यवस्था की मांग की।

मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी। लोगों ने एफसीआई गोदाम की ओर से आने वाले भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग भी की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। मुआवजा और मृतक के एक आश्रित को रोजगार दिलाने का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने सड़क से जाम हटा लिया। इसके बाद मनईटांड़-जोड़ाफाटक मार्ग पर वाहनों का परिचालन दोबारा सामान्य हो सका। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *