Ranchi : राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने ई-रिक्शा (टोटो) चालकों के लिए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अब ई-रिक्शा चालकों को यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा और प्रत्येक वाहन के पीछे चालक का नाम व मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में अंकित करना होगा।
मुख्यमंत्री के रांची भ्रमण के बाद मिले निर्देशों के आलोक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में अधिकारियों की अहम बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि ई-रिक्शा के संचालन से ट्रैफिक बाधित न हो, इसके लिए मार्ग निर्धारण और अनुशासन सख्ती से लागू किया जाएगा। जिला परिवहन पदाधिकारी को ई-रिक्शा चालक संघ के साथ समन्वय कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर यातायात सुगम करने, बिजली के खंभों पर लटके अव्यवस्थित तारों को ठीक करने और अनावश्यक कट्स बंद करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सुंदरता, सुरक्षा और नागरिक सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। भीड़-भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों और रात्रिकालीन समय में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने तय किया है कि रांची को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त, ट्रैफिक के लिहाज से सुगम और नागरिकों के लिए सुरक्षित शहर बनाया जाएगा। बैठक में नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव, एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी गौतम राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

