Dhanbad : झारखंड के धनबाद में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। बिनोद बिहारी महतो चौक (आठ लेन रोड) के पास करीब 50 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन पर बनी 10 अवैध पक्की दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर कब्जा हटाया गया।
बताया जा रहा है कि इस जमीन पर कब्जे का खेल पिछले एक महीने से चल रहा था। मामले की सूचना डीसी को मिलने के बाद धनबाद अंचल कार्यालय की टीम ने धनबाद थाना की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुकानों के साथ-साथ अस्थायी और पक्के निर्माण हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर और एसडीओ लोकेश बारंगे के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम और सीओ रामप्रवेश कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध कब्जाधारियों के बीच हड़कंप मच गया।
विरोध करने पहुंची महिला हिरासत में
कार्रवाई के दौरान एक महिला मौके पर पहुंची और जमीन को अपना बताते हुए हंगामा करने लगी। मौके पर तैनात महिला पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर धनबाद थाने भेजा। बाद में देर शाम उसे थाने से छोड़ दिया गया।
बिजली कनेक्शन और निर्माण सामग्री भी जांच के घेरे में
अभियान के दौरान यह भी सामने आया कि कब्जाधारियों ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बिजली कनेक्शन ले रखा था। इसकी जांच की जाएगी। मौके से करीब 50 बोरी सीमेंट, स्टोन चिप्स और अन्य निर्माण सामग्री भी जब्त की गई है। प्रशासन को यह सूचना भी मिली है कि किसी ने इस जमीन को बेचने का दावा/प्रयास किया है—जांच के बाद पूरी तस्वीर साफ होने की बात कही गई है।
डीसी ने सभी सीओ को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने अंचलों में अभियान चलाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराएं, खासकर उन इलाकों में जहां अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है।

